Monday, June 17, 2019

चर्चा में रहे लोगों से बातचीत पर आधारित साप्ताहिक कार्यक्रम

लक्ष्मी की मात्रभाषा मराठी है. लक्ष्मी ने कई मराठी सीरियल जैसे 'देवयानी', 'लक्ष्य', 'तू मज़ा संगति', और मराठी फ़िल्म 'मुंबई पुणे मुंबई' के अलावा ज़ी5 की वेबसीरिज़ 'स्वराज्य रक्षक' और हिंदी फ़िल्म 'मराठवाड़ा' जैसे कई फ़िल्मों और सीरियल में काम कर चुकी हैं.
लेकिन इन सबके बावजूद उन्हें पहचान तब मिली जब मशहूर अभिनेता बोमन ईरानी ने अपने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया.
उन्होंने लिखा कि 'लक्ष्मी मराठी सीरियल्स में अभिनय करती हैं और बाक़ी के समय ऑटो चलाकर अपने परिवार के पालन-पोषण के लिए सशक्त भूमिका निभा रही हैं.'
लक्ष्मी कहती हैं कि ऐसा बिल्कुल नहीं हैं, "मैं पहले से बोमन ईरानी सर को जानती थी. हुआ यूँ कि जहाँ मैं शूटिंग कर रही थी वहीं उस दिन बोमन सर भी मुंबई के फ़िल्मसिटी स्टूडियो से अपनी किसी फ़िल्म की शूटिंग कर घर लौट रहे थे."
वे बताती हैं, ''मैं भी अपनी कुछ को-स्टार्स के रूप में काम करने वाली लड़कियों के साथ घर जा रही थीं. वहीं अचानक बोमन ईरानी से मुलाक़ात हुई. बोमन सर के बारे में सुना था कि बहुत अच्छे आदमी हैं. उस दिन देख भी लिया.''
''मैंने देखा बोमन सर अपनी कार से हमारा वीडियो ले रहे थे. वह अपनी बीएमडब्ल्यू से नीचे उतरे और मेरे पास आए और बोले चलो एक राउंड लगाते हैं. मैं उन्हें देखकर बहुत खुश हो गई और उनके पैर छूने लगी तो बोमन सर ने कहा कि मेरे पैर मत छूओ.''
वो बताती हैं, "बोमन जी मुझे छोटा नहीं दिखाना चाहते थे. इसलिए उन्होंने ऐसा किया. उन्होंने मेरे साथ फ़ोटो ली और खुश होकर मेरी तारीफ़ करते गए. मुझे तो विश्वास नहीं हो रहा था कि वह मेरे साथ थे."
वे बताती हैं, ''ऑडिशन के लिए कई अलग-अलग स्टूडियो जाना पड़ता था. ये स्टूडियो बहुत दूर-दूर हैं और मेरे पास पैसे नहीं रहते थे. इसलिए कई बार तो जा ही नहीं पाती थी. मुझे पता है लीड रोल तो मुझे मिलने से रहा इसलिए मैं साइड रोल कर लेती हूं.''
''मराठी के कई शोज़ में मुझे कभी प्रेग्नेंट वुमन, कभी पागल, कभी किसान की बीवी, कभी कामवाली और ऐसे कई स्पेशल एक्सपीरियंस भी मिलते हैं.''
लेकिन लक्ष्मी नाउम्मीद नहीं हैं, ''मैं इस तरह ही काम करके ख़ुश हूं. ख़ुद की मेहनत से जो कर रही हूं, उसी से संतुष्ट हूं.''
लक्ष्मी को सीरियल वगैरह में काम करने से पांच या छह दिन बाद ही पैसे मिलते जिसके चलते कई बार परिवार वालों को खाली पेट रहना पड़ता था. इसलिए उन्होंने रिक्शा चलाने का फैसला किया.
लक्ष्मी मुस्कुराते हुए कहती हैं, ''रिक्शा चलाने से मेरा दो फ़ायदा होता है एक तो ये की रोज की कमाई हो जाती है. और दूसरा ये कि किसी भी जगह पहुंचने में आसानी हो जाती है. कई बार तो ऑडिशन के लिए जाते हुए मैं रिक्शे में सवारी बिठा लेती हूं और उन्हें छोड़ते हुए ऑडिशन के लिए निकल जाती हूं."
ड्राइविंग सीखने के दौरान का समय याद करते हुए लक्ष्मी बताती हैं कि ड्राइविंग सीखना उनके लिए आसान नहीं था. शुरू में उनके हाथेली में दर्द होने लग जाता था लेकिन अब वे मास्टर हो गई हैं.
वे बताती हैं, "अब तो कई सवारी केवल मेरे ही रिक्शा में बैठती हैं जिसके लिए उन्हें कई बार इंतजार भी करना पड़ता है. ये सब देखकर कई दूसरे ऑटो वाले नाराज होते रहते हैं लेकिन अब इन सबकी आदत हो गई है."
वे बताती हैं, ''कुछ लोग कहते हैं कि औरतों की ड्राइविंग ख़तरनाक होती है. औरतों को ड्राइविंग नहीं आती. कई बार तो कुछ लोग मुझे नसीहत तक दे देते हैं कि औरतों को रिक्शा चलाना शोभा नहीं देता तुम दूसरे काम करो. ऐसे लोगों को मैं बस एक ही जवाब देती हूँ कि जब औरतें तुम जैसे मर्दों को पैदा कर सकती हैं तो वो दुनिया का कोई भी काम कर सकती हैं.''

No comments:

Post a Comment